अमृतसर में युवक की गोली मारकर हत्या।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सोमवार तड़के मोटरसाइकिल पर दरबार साहिब माथा टेकने जा रहे एक व्यक्ति की कुछ लोगों ने गोलियां मार कर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल को लात मार गिराया और फिर गोलियां मार कर हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। इस हमले में मृतक की पत्नी को भी चोटें आई। छेहरटा पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है।
छेहरटा के काले रोड निवासी नरिंदर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उनका भांजा हरविंदर सिंह दुबई से लौटा था। हरविंदर रविवार तड़के करीब 3.30 बजे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर दरबार साहिब माथा टेकने जा रहा था। इस दौरान उनके पीछे मोटरसाइकिल पर आ रहे दो लोगों ने हरविंदर की मोटरसाइकिल को गिरा दिया और उन पर गोलियां चलानी शुरु कर दी।
मृतक के मामा ने बताया कि हरविंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भांजे की पत्नी भी इस हमले में घायल हो गई। उन्होंने बताया कि उनके भांजे की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी, और लगता है कि यह हत्या लूट के इरादे से की गई है। जानकारी मिलते ही एडीसीपी-2 प्रभजोत सिंह विर्क और छेहरटा पुलिस के थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए और मौके का मुआयना किया।