नशा तस्कर भाई-बहन के घर पर चला बुलडोजर।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
पंजाब सरकार की तरफ से नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत अमृतसर में सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस स्टेशन बी-डिवीजन के अधिकार क्षेत्र में पड़ते सुल्तानविंड रोड स्थित मंदिर वाला बाजार में नशा तस्करी की काली कमाई से बनाई गई अवैध संपत्ति को नगर निगम ने पुलिस की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
सुल्तानविंड रोड स्थित मंदिर वाला बाजार में नशा तस्कर भाई-बहन के आलिशान मकान पर बुलडोजर चलाया गया। पुलिस ने अनुसार आरोपियों की यह अवैध संपत्ति थी, जिसे उन्होंने नशा बेचकर की गई काली कमाई से बनाया था। आरोपियों की इमारत को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस थाना बी डिवीजन क्षेत्र में ध्वस्त की गई संपत्ति अनमोल (34), सोनिया (24) और गगनदीप सिंह उर्फ गोरा (25) निवासी शहीद ऊधम सिंह नगर की बताई गई है। पुलिस के अनुसार तीनों सगे भाई-बहन हैं। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह संपत्ति नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से बनाई गई थी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को गिराया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे गैंग और नशा अपराध से जुड़ी किसी भी जानकारी को पंजाब पुलिस की गैंगस्टर विरोधी हेल्पलाइन 93946-93946 पर साझा करें। जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और गिरफ्तारी में सहायक सूचना पर 10 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा।