पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने फाजिल्का में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर एक चाय के खोखे पर ट्रैप लगाकर पकड़ा गया। आरोपी की पहचान जेई स्वर्ण सिंह के तौर पर हुई है।
गांव गागनके निवासी जागीर सिंह ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि उनके घर का बिजली मीटर, जो उनकी बहू के नाम पर लगा हुआ है, जल गया था। एक सप्ताह बीतने के बाद भी बिल संबंधी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इस दौरान संबंधित जेई स्वर्ण सिंह चेकिंग के लिए पहुंचे। जेई स्वर्ण सिंह शिकायतकर्ता पर ज्यादा बिजली बिल आने और जुर्माने की बात कहकर दबाव बनाना लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार जेई ने बिजली मीटर का तार उखाड़ दिया और जुर्माना लगाने की धमकी दी। बाद में गांव के एक युवक के माध्यम से उन्हें कार्यालय के बाहर मिलने के लिए बुलाया गया, जहां जेई ने जुर्माना न लगाने के बदले पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा चार हजार रुपये में तय हुआ।
जागीर सिंह ने इसकी शिकायत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो को दी। शिकायत की जांच के बाद विभाग ने ट्रैप लगाकर जेई स्वर्ण सिंह को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू कर लिया। विजिलेंस विभाग के इंस्पेक्टर चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपी जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।