पंजाब के अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांव दाउके के पास लगी कंटीली तार के नजदीक से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पांच किलो 200 ग्राम हेरोइन, एक एके-47, एक रिवॉल्वर, एके-47 की एक मैगजीन और 13 रौंद बरामद किए हैं। इसके बाद बीएसएफ ने पूरे इलाके को सील कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार अमृतसर पुलिस (देहात) को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से गांव दाउके की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हथियारों की एक खेप पहुंची है। जानकारी के आधार पर बीएसएफ व पंजाब पुलिस ने सर्च अभियान चलाया था। बीएसएफ व पंजाब पुलिस इस जांच में जुट गई है कि यह खेप गांव के ही तस्करों ने तो नहीं मंगवाई थी।
थाना घरिंडा के प्रभारी मनिंदर सिंह को पता चला था कि पाकिस्तान सीमा के साथ सटे गांव मान्याला निवासी तस्कर बिलाल संधू के भारत के कुछ प्रमुख तस्करों के साथ संबंध हैं। वह भारत में तस्करों को हथियार और ड्रग्स सप्लाई करता है। वह गांव डाऊके स्थित भारतीय निगरानी चौकी के अंतर्गत बाड़ के पास हथियारों और नशे की खेप छिपा रहा है।