यहां 22 एकड़ इलाके में बीते 15 जून को दिनदहाडे़ एक मकान में घुसकर वीना मोदी के कत्ल के आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। कातिल उनका सगा भतीजा ईशान कुमार व उसके साथी निकले।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में एसपीडी स्वर्ण सिंह खन्ना ने खुलासा किया कि वीना रानी का कत्ल लुटेरों ने नहीं बल्कि उनके भतीजे ईशान मोदी पुत्र नरेश मोदी ने अपने साथियों सतीश कुमार पुत्र तरसेम लाल, अमृतपाल सिंह पुत्र जोरा सिंह और आजाद कुमार पुत्र सुरेश कुमार से मिलकर किया।
एसपीडी खन्ना ने बताया कि सतीश कुमार और ईशान मोदी गहरे दोस्त हैं। सतीश कुमार व ईशान एक शेयर बाजार के टर्मिनल पर करीब 35 लाख रुपये हार गए थे। इस कारण उनको रुपयों की काफी जरूरत थी। ईशान ने अपने दोस्त सतीश को बताया कि उसके ताया सतीश मोदी ने दुकान की खरीद फिरोख्त की है।
इससे करीब 20 लाख उनके ताया सतीश के घर पड़े हैं। सतीश व ईशान ने घाटा पूरा करने के लिए सतीश मोदी के घर बीस लाख लूटने की योजना बनाई।
सतीश कुमार ने अपने साथ अपने पुराने नौकरों अमृतपाल सिंह व आजाद कुमार को शामिल कर लिया। ये चारों 15 जून को तेजधार हथियारों के साथ सतीश मोदी के घर दाखिल हो गए।
घर में सतीश मोदी की पत्नी वीना मोदी अकेली थीं। आजाद कुमार व अमृतपाल ने उसे जाते ही दबोच लिया और ईशान मोदी एवं सतीश कुमार रुपये ढूंढने के लिए कमरों की तलाशी लेने लगे।
जब ईशान मोदी के ताई वीना मोदी शोर मचाने लगी तो अमृतपाल ने उसे पकड़ लिया और आजाद कुमार ने चाकू मारकर उसका कत्ल कर दिया। एसपीडी खन्ना ने बताया कि चारों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।