दो बाइक सवारों ने सोमवार रात आठ बजे एक किन्नर पर दातर से हमलाकर उसका दायां बाजू काट डाला। घायल किन्नर मीनाक्षी बाबा निवासी सुल्तानविंड रोड, पुरानी चुंगी को घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना बी डिवीजन के प्रभारी प्रवेश चोपड़ा ने अस्पताल में दाखिल किन्नर मीनाक्षी बाबा के बयान पर किन्नर निशा, जसपाल सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार किन्नर मीनाक्षी का फतेहगढ़ चूड़िया के रहने वाले किन्नर निशा के साथ विवाद चल रहा था। मीनाक्षी का आरोप था कि निशा बाबा उनके क्षेत्र में लोगों से ठगी करता है।
इस बात पर दो दिन पहले थाना बी-डिवीजन में डेरे के किन्नरों ने इकट्ठा होकर किन्नर निशा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
इसी रंजिश में सोमवार रात आठ बजे जब मीनाक्षी बाबा डेरा से अकेली बाजार जा रही थी तभी निशा के साथ बाइक चला रहे बिट्टा सिंह ने पीछे से दातर से हमलाकर उसकी बाजू काट डाली। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार मीनाक्षी बाबा की बाजू टूट गई है। थाना बी-डिवीजन की पुलिस ने किन्नर के बयान पर मामले की जांच शुरू कर दी है।