थाना गुरुहरसहाए के अंतर्गत गांव पिंडी में धान कटाई के दौरान साथ के खेतों में पराली चली जाने को लेकर विवाद हो गया। इसी बात को लेकर सात लोगों ने एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि किसान के चचेरे भाई को गंभीर जख्मी कर दिया। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने गुरुवार को जख्मी के बयान पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
कश्मीरी लाल निवासी गांव पिंडी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपने खेतों में धान की कटाई मशीन के जरिये कर रहा था कि साथ में लगते आरोपी गुरबख्श राम के खेत में पराली चली गई। इसी बात को लेकर गुरबख्श राम और उसके छह साथियों ने कश्मीरी लाल को पीटना शुरू कर दिया। कश्मीरी लाल ने शोर मचाया तो उसके चाचा का बेटा विश्वा मित्र (38) वहां पहुंच गया और उसे छुड़वाने का प्रयास करने लगा।
आरोपियों ने विश्वा मित्र को बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया। जख्मी हालत में विश्वा मित्र को गुरुहरसहाए के सरकारी अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कश्मीरी लाल के बयान पर आरोपी गुरबख्श राम, सतपाल, सुखविंदर सिंह, भूपिंदर सिंह, अर्शदीप सिंह, पप्पू व विनोद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। सब-इंस्पेक्टर तरसेम शर्मा के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए विभिन्न जगहों पर छापेमारी की जा रही है।