सूबेदार हत्याकांड का आरोपी गैंगस्टर ज्ञान गिरफ्तार
शनिवार सुबह पौने पांच बजे हरचोवाल से गुरदासपुर रोड पर पुलिस-गैंगस्टर्स में फायरिंग
गैंगस्टर विक्की गौंडर का साथी है ज्ञान, दो अन्य साथी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
जिला पुलिस गुरदासपुर ने शनिवार सुबह गैंगस्टर विक्की गौंडर के साथी ज्ञान खरलांवाला को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, हालांकि उसके दो साथी भागने में सफल हो गए। आरोपी ज्ञान, जिसका असली नाम रविंदर सिंह है, गुरदासपुर में 20 अप्रैल को हुए सूबेदार हत्याकांड में गौंडर के साथ शामिल था। इस हत्याकांड में तीन लोगों की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।
एसएसपी गुरदासपुर भूपिंदर सिंह विर्क ने बताया कि शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि गैंगस्टर गौंडर का साथी ज्ञान खरलांवाला शनिवार सुबह हरचोवाल से गुरदासपुर की तरफ एक बोलेरो गाड़ी में आएगा। इसके बाद डीएसपी सिटी एडी सिंह और डीएसपी देव दत्त शर्मा सहित करीब 50 मुलाजिमों की टीम बनाई गई। टीम ने हरचोवाल से गुरदासपुर शहर की तरह आने वाले रास्तों को घेर लिया। गांव बेरी मोड़ पर नाका लगाया गया था। सुबह करीब पौने पांच बजे पुलिस को एक सफेद रंग की बोलेरो (पीबी06 एबी9655) हरचोवाल से गुरदासपुर की तरफ आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन गाड़ी के चालक ने कुछ दूरी पर ही गाड़ी रोक ली और गाड़ी छोड़ पुलिस पर फायर करते हुए खेतों की तरफ भाग गए। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें से एक गोली ज्ञान खरलांवाला की बाईं टांग में लगी जिससे वह वहीं गिर गया लेकिन उसके दो साथी भागने में सफल हो गए। पुलिस ने ज्ञान पर काबू पाकर उसके हाथ से 32 बोर का पिस्टल अपने कब्जे में लिया। मौके से तीन खोल कारतूस और पिस्टल चैक करने पर तीन कारतूस मिले। पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्जे में लिया और घायल गैंगस्टर ज्ञान खरलांवाला को गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल गुरदासपुर में दाखिल कराया।
एसएसपी विर्क का कहना है कि दो अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने इलाके को सील कर लिया है और वहां खेतों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज कर लिया गया है और उसके अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
10जीडीआरपी01 गुरदासपुर प्रैसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए एसएसपी भुपिंद्रजीत सिंह ।
10जीडीआरपी02 पकड़ा गया आरोपी रविंदर सिंह ज्ञान पुलिस पार्टी के साथ।