रोडवेज में नौकरी लगवाने के नाम पर 5 लाख ठगे
सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो लोगों ने एक युवक को हरियाणा रोडवेज में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे पांच लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर दो भाइयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी यशवंत ने बताया कि गांव कोंडल निवासी विनोद कुमार ने दी शिकायत में कहा है कि वह गुरुग्राम में टैक्सी चलाता था। गत वर्ष हरियाणा रोडवेज में चालक की नौकरी निकली थी, उसने पद के लिए आवेदन कर रखा था।
गुरुग्राम में टैक्सी का काम करने वाले दो भाइयों रमेश व मुकेश से उसकी दोस्ती थी। जब रमेश को बताया कि हरियाणा रोडवेज में चालक पद के लिए आवेदन कर रखा है, तो रमेश ने कहा कि रोडवेज के आयुक्त से उसकी अच्छी जान पहचान है और वह रोडवेज में नौकरी लगवा देगा।
उसने कहा कि इसकी एवज में पांच लाख रुपये देने होंगे। उसकी बातों में आकर पांच लाख रुपये दे दिए, लेकिन जब रोडवेज की सूची जारी हुई, तो उसमें उसका नाम नहीं था।
जब उसने रमेश व मुकेश से रुपये वापस मांगे, तो रुपये देने से मना कर दिया और कहा कि रुपये मांगे तो जान से खत्म कर देंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।