रोहतक के ध्यानार्थ ( मृतक भिवानी से संबंधित है)
-------------------------
सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। मलिकपुर चौक के निकट ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार मौत हो गई। मृतक की पहचान हरियाणा के जिला भिवानी के मोहल्ला बाबड़ी गेट सिंधीघाट निवासी अजीत के तौर पर हुई है। थाना सुजानपुर पुलिस ने मृतक के साले स्कूविया के बयान पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में स्कूविया ने बताया कि उसका जीजा अजीत जड़ीबूटियों की दवा बेचता था। 15 नवंबर को वह दवा बेचने के लिए आसपास गांवों में फेरी लगाने गया था। फेरी लगाने के बाद वह अपनी बाइक पर माधोपुर स्थित निवास लौट रहा था। मलिकपुर चौक के निकट पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अजीत को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। यहां देर शाम को अजीत ने दम तोड़ दिया।
पिछले सप्ताह कानवां अड्डा के पास हुए सड़क हादसे के घायल 19 वर्षीय गांव अवांखा निवासी विशाल की मौत हो गई। तारागढ़ पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है। मृतक के बड़े भाई दीपक ने पुलिस में दर्ज कराए बयान में बताया कि उसका भाई हलवाई का काम करता था। बीती 11 नवंबर को कानवां अड्डा के निकट सड़क क्रास करते कार ने उसे टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शुक्रवार को देर शाम को उपचार के दौरान विशाल ने दम तोड़ दिया। थाना तारागढ़ के सब इंस्पेक्टर जोगिन्द्रपाल ने बताया कि पुलिस ने बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।