मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों ठगे
पुलिस ने दंपति के खिलाफ दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
मर्चेंट नेवी में भर्ती कराने के नाम पर एक दंपति ने एक युवक से सात लाख रुपये झटक लिए। पुलिस थाना सिविल लाइन बटाला ने आरोपी दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसआई निरजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता जसविंदर कौर पत्नी लेट जगदीश सिंह वासी गुरू नानक नगर बटाला ने आरोप लगाया था कि मुनीश भनगोत्रा और उसकी पत्नी सुनेह लता वासी पठानकोट ने उसके बेटे बलजीत सिंह को मर्चेंट नेवी में भर्ती करवाने के लिए सात लाख रुपये लिए थे। इसके बाद उक्त आरोपी दंपति ने उसके बेटे को नकली सर्टिफिकेट और बोर्डिंग कार्ड दे दिया। इसके बाद न तो उसके बेटे को मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलवाई और न ही उनके पैसे वापस किए।
एएसआई निरजीत सिंह ने बताया कि जब शिकायतकर्ता महिला के आरोपों की पड़ताल डीएसपी हेडक्वार्टर बटाला ने की तो आरोप ठीक पाए गए। जांच पड़ताल के बाद एसएसपी बटाला के आदेश पर बटाला के थाना सिविल लाइन में दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।