नकाबपोश बदमाशों ने एनआरआई के घर सामने की हवाई फायरिंग
पानी मांगने के बहाने कर रहे थे घर में घुसने की कोशिश, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। कस्बा काहनूवान के निकटवर्ती गांव जोगी चीमा में एक एनआरआई के घर के सामने कुछ लोगों ने फायरिंग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एनआरआई प्रदीप सिंह ने बताया कि रविवार रात 9 बजे किसी ने उनका गेट खटखटाया। जब वह गेट खोलने गए तो वहां पर एक युवक जिसने अपना मुंह एक कपड़े से ढका था पीने को पानी मांगा। उसके साथ आए दूसरे युवक ने भी चेहरा हुआ था। उन्होंने बताया कि इन व्यक्तियों का संदिग्ध हूलिया देखकर उन्होंने घर का गेट बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने जोर-जोर से गेट खटखटाना शुरू कर दिया। प्रदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने घर की छत पर चढ़कर टार्च से देखा तो संदिग्ध घर के गेट सामने सड़क पर पेड़ के नीचे खड़े थे। उन्होंने घर की तरफ पिस्तौल करके तीन हवाई फायर किए।
प्रदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने तुरंत अपने पड़ोसियों व पुलिस स्टेशन काहनूवान में मामले संबंधी सूचना दी। इसके बाद काहनूवान पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। प्रदीप सिंह के परिवार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। परिवार ने गुरदासपुर पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके परिवार की जान माल की रक्षा की जाए। जब पुलिस स्टेशन काहनूवान के मुखी सुरिंद्रपाल सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर जाकर सारी घटना की जांच की है लेकिन कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। घटना में शामिल तत्वों की क्या मंशा थी वह भी साफ नहीं हुई। पुलिस अपने स्तर पर घटना की गहराई से जांच कर रही है।
फोटो 09जीडीआर1-गेट समक्ष हुई गोलीबारी की जानकारी देते हुए प्रदीप सिंह,