चचेरे भाई के घर से लौटकर लगाया फंदा
ससुरालियों से परेशान परेशान सैनिक की बहन ने की खुदकुशी
चार माह पहले हुई थी शादी, दो महीने से मायके में रह रही थी
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। पुलिस थाना घुमाण के आधीन आते गांव मलोवाली में रविवार को नवविवाहिता ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक महिला का भाई सैनिक है औैर छुट्टी न मिलने की वजह से वह घर नहीं आ सका था। विवाहिता रविवार को चचेरे भाई को राखी बांधने उसके घर गई थी। भाई के न मिलने पर वह घर वापस आई कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
करीब चार महीने पहले ही महिला की शादी हुई थी। मृतक महिला ने अपनी बाजू पर सुसाइड नोट भी लिखा है। वहीं मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी ने अपने ससुरालियों से परेशान रहने की वजह से आत्महत्या जैसा कदम उठाया। समाचार लिखे जाने तक घुमाण पुलिस अपनी कार्रवाई में व्यस्त थी। मृतक विवाहिता नरिंदर कौर (27) के पिता प्रेम सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसने अपनी बेटी नरिंदर कौर की शादी चार महीने पहले मुकेरियां में की थी।
अभी शादी के कुछ दिन ही बीते थे कि उनकी बेटी के ससुराली उसे पैसों के लिये तंग परेशान करने लगे। करीब दो महीने से उनकी बेटी नरिंदर कौर मायके गांव मुलोवाली में ही रह रही थी। रविवार को नरिंदर कौर ने किसी को यह आभास न होने दिया कि वह कोई ऐसा काम करने जा रही है। दोपहर को वह अपने चाचा के घर से वापस आई । इसके बाद वह कमरे में चली गई।कुछ समय के बाद जब किसी ने अंदर से कमरा न खोला तो घरवालों ने अंदर जाकर देखा तो नरिंदर कौर ने छत के पंखे से फंदा लगाया हुआ था। परिजनों नीचे उतारा, तब तक नरिंदर कौर की मौत हो चुकी थी। थाना घुमाण के एएसआई परमिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और शिकायतकर्ता पक्ष के बयान दर्ज किये जा रहें हैं। बयानों के आधार पर पुलिस अपनी आगे की कार्रवाई करेंगी।