गुरदासपुर। पत्नी के संबंधों से परेशान पति ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। थाना सदर की पुलिस ने मृतक के मामा के बयान के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक रछपाल सिंह पुत्र स्व. गुरनाम सिंह निवासी गांव पुरोवाल जट्टां के मामा बलदेव सिंह ने बताया कि रछपाल ने 10 साल पहले अमृतसर निवासी गुरमीत कौर से प्रेम विवाह किया था। रछपाल सिंह प्राइवेट तौर पर उड़ीसा में ड्राइवर की नौकरी करता था। वह कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया था। रछपाल का एक बेटा भी है। शादी के कुछ सालों बाद ही पति-पत्नी में अनबन रहने लगी। उसकी पत्नी गुरमीत कौर के पड़ोस में ही रहने वाले लड़के अमनदीप सिंह से संबंध थे। कई बार मना करने पर भी वह नहीं मानी। यहां तक कि रछपाल की सास बलविंदर कौर भी अक्सर उसे परेशान करती थी। गत दिन पत्नी गुरमीत कौर व सास बलविंदर कौर ने रछपाल को पीटा। इसपर उसने जहर निगल लिया। एएसआई गुरविंदर सिंह ने बताया कि मृतक के मामा के बयान के आधार पर पत्नी गुरमीत कौर, अमनदीप सिंह वासी पुरोवाल जट्टां, सास बलविंदर कौर वासी धर्मूचक्क के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।