ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 36 लाख की ठगी, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। थाना पुराना शाला की पुलिस ने आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 36 लाख 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने तीन लोगों को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर उक्त पैसे लिए और उनका पासपोर्ट लिया जो बाद में वापस नहीं किया। एसआई राजिंदर कुमार ने बताया कि नौशहरा बहादुरपुर निवासी सर्बजीत सिंह पुत्र निरंजन सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।
सर्बजीत सिंह ने एसपी (हेड) को शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद जांच डीएसपी दीनानगर को सौंपी गई। जांच में पाया गया कि मक्खन सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी भवानीपुर (होशियारपुर) ने सर्बजीत सिंह को कहा कि अगर वह किसी को आस्ट्रेलिया भेजना चाहता है तो उसके एवज में वह 20 लाख रुपये लेगा। इसके चलते 7 जून 2017 को शिकायतकर्ता ने तीन व्यक्तियों को आस्ट्रेलिया भेजने के लिए आरोपी को तीन पासपोर्ट और 36 लाख 10 हजार रुपये अपने घर पर दिए। न तो आरोपी ने किसी को विदेश भेजा और न ही उनके पासपोर्ट वापस किए। इस संबंधी जांच के बाद मक्खन सिंह, जरनैल सिंह निवासी भवानीपुर (होशियारपुर) और अजय करण निवासी कानेवाल (होशियारपुर) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।