दो गुटों के विवाद में पिस्टल लेकर पहुंचा युवक।
- फोटो : प्रतीकात्मक
अमृतसर में स्थानीय सुल्तानविंड रोड स्थित सुक्का-तलाब मंदिर के बाहर फूलों की रेहड़ी लगाने को लेकर दो पक्षों में टकराव हो गया। झगड़े में एक पक्ष लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक से पिस्टल जब्त किया और स्थिति को संभाला।
विवाद तब बढ़ा जब पुलिस ने मंदिर के बाहर फूल बेचने वाले युवक और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि मंदिर के बाहर सड़क पर फूलों की रेहड़ी लगती थी जिसके लिए युवक मंदिर कमेटी को पैसे देता था। कुछ महीनों से यह पैसे मंदिर कमेटी को देने की जगह युवक ने नगर निगम की पर्ची कटवाना शुरू कर दिया। मंदिर के एक व्यक्ति बलविंदर सिंह बिल्ला ने नगर निगम को शिकायत कर दी। नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए फूलों की रेहड़ी तोड़ दी। जिस को लेकर विवाद बढ़ गया। शुक्रवार देर रात युवक के समर्थक लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया।
थाना बी-डिवीजन की प्रभारी राजविंदर कौर का कहना है कि फूलों की रेहड़ी लगाने वाले युवक के समर्थन में कुछ लोग आ गए। जिसके बाद मंदिर कमेटी और रेहड़ी समर्थक एक दूसरे के आमने सामने हो गए। उन्होंने कहा कि आज दोनों पक्षों के बीच विवाद को निपटने के लिए थाना में बुलाया गया है।