अमृतसर। एसटीएफ की ओर से 30 जनवरी 2020 को अकाली नेता अनवर मसीह की कोठी से हेरोइन मिलने के मामले में जिला व सत्र न्यायाधीश दरबारी लाल की अदालत ने नौ आरोपियों पर सोमवार को शाम चार्ज फ्रेम किए हैं। साथ ही अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 15 सितंबर की तारीख तय की है। गुजरात से लाए जाने वालों में सुखबीर सिंह उर्फ हैपी, अंकुश कपूर, सुखविंदर सिंह, मेजर सिंह, मनतेज सिंह उर्फ मिक्की, तमन्ना गुप्ता, अफगान नागरिक अरमान बशअरमल, कुलदीप सिंह उर्फ सोनू और मलकीत सिंह के नाम शामिल हैं। मामले में पैरवी कर रहे वकील कपिल शर्मा ने बताया कि एसटीएफ ने इसमें दो एफआइआर दर्ज की थी। जिनमें से एक में आरोपियों को डिस्चार्ज करने की मांग की गई थी। जिसके चलते कुछ आरोपियों पर चार्ज फ्रेम नहीं हो पाया।
नेशनल जांच एजेंसी (एनआईए) ने इसमें एक एफआइआर गुजरात में भी दर्ज की थी। क्योंकि समुद्र के रास्ते 300 किलो हेरोइन पहले गुजरात पहुंची और वहां से फिर अमृतसर लाई गई। इस संबंधी गुजरात पुलिस आठ माह पहले नामजद आरोपियों को फतेहपुर जेल से अदालत के जरिये गुजरात ले गई थी। इसलिए गुजरात की पुलिस मामले की सुनवाई को लेकर सोमवार को सुखबीर सिंह उर्फ हैपी, सुखविंदर सिंह, मेजर सिंह, तमन्ना गुप्ता, पंजाबी फिल्म अभिनेता मनतेज सिंह मान, अफगान नागरिक अरमान बशरमल, इंद्रेश, कांग्रेस पार्षद पुत्र साहिल शर्मा, अकाली नेता अनवर मसीह, गुजरात निवासी सुनील विट्ठल, कादिम मोहम्मद सुराज, रजाक अहमद सुभरा आरोपियों को अमृतसर अदालत लेकर पहुंची। जबकि पूरे प्रकरण में हरमिंदर रंधावा उर्फ रोमी, मंजीत सिंह उर्फ मन्ना अब तक फतेहपुर जेल में बंद हैं। कपड़ा कारोबारी अंकुश कपूर, मनी एक्सचेंजर हनीतपाल सिंह, अर्जुन अटवाल सहित चार आरोपी जमानत पर हैं।