तरनतारन। 31 जनवरी को सुरसिंह से भिखीविंड चर्च तक रोड शो निकालकर चुनाव आयोग के आदेशों का उल्लंघन करने के मामले में खेमकरण के विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी सुखपाल सिंह भुल्लर के खिलाफ थाना भिखीविंड में केस दर्ज किया गया है। यह केस नोडल अधिकारी (शिकायत सेल) गुरबचन सिंह के बयान पर शनिवार को दर्ज किया गया।
एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि खेमकरण के विधायक सुखपाल सिंह भुल्लर ने 31 जनवरी को दोपहर साढ़े 12 बजे कस्बा सुरसिंह के खेल स्टेडियम में करीब 200 वाहनों व 600 लोगों को इकट्ठा करके भिखीविंड चर्च तक शक्ति प्रदर्शन किया था। जबकि चुनाव आयोग की ओर से जारी नोटिस का जवाब भी तसल्ली बख्श नहीं दिया गया। नोडल अधिकारी (शिकायत सेल) कम डिप्टी डीईओ गुरबचन सिंह ने थाना भिखीविंड में सुखपाल सिंह भुल्लर के खिलाफ शिकायत दी। इसकी जांच के बाद एएसआई परमजीत सिंह (चौकी इंचार्ज सुरसिंह) ने केस दर्ज कर लिया है। संवाद