मजीठा रोड की पुलिस को मिले क्लू, आरोपियों के बंद आ रहे मोबाइल नंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सरकारी मेडिकल कालेज से जुड़े गुरु नानक देव अस्पताल की जच्चा-बच्चा वार्ड बेबे नानकी से रविवार को सुबह नवजात के अपहरण के मामले में पुलिस को कुछ क्लू हाथ लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों को कुछ सुराग मिले हैं। मजीठा रोड थाने की अलग-अलग पुलिस पार्टियां अमृतसर और तरनतारन के सीमांत इलाकों में दबिश दे रहीं हैं। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि उम्मीद है कि पुलिस बहुत जल्द आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें काबू कर बच्चे को बरामद कर लेगी। शक के दायरे में आए लोगों के नंबर बंद आ रहे हैं।
यह है मामला
तरनतारन के गांव मजूपुरा निवासी हरप्रीत सिंह अपनी पत्नी बलजीत कौर की डिलीवरी के लिए गुरु नानक देव अस्पताल के बेबे नानकी वार्ड में लेकर आया था। जहां तीन दिन पहले उसकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया था। शादी के 14 साल बाद उन्हें बच्चे की खुशी मिली थी। बेटे के जन्म के बाद बच्चे की देखभाल के लिए आठ अक्टूबर को सुबह करीब तीन बजे उसकी (हरप्रीत) की मां मनजीत कौर तथा सालेहर अंजू बच्चे की देखभाल के लिए फोल्डिंग बेड पर मौजूद थी और बच्चा सालेहर के पास था। इस दौरान उन सभी को नींद आ गई और कोई तीन दिन का बच्चे को अगवा कर ले गया।
कोट ...
मजीठा रोड के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि बेबे नानकी वार्ड और अस्पताल के अंदर विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद उन्हें कुछ क्लू मिले हैं। चेहरों की भी पहचान हो गई है और उनके कांटेक्ट नंबरों का भी पुलिस को पता चल गया है, जो लगातार बंद आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और अपहृत बच्चे की बरामदगी के लिए पुलिस की अलग-अलग सीमांत गांवों में दबिश दे रहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर जताई कि जल्द पुलिस आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें काबू कर बच्चे को बरामद कर लेगी।