संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। गुमटाला बाइपास पुल के उपर रविवार को तेज रफ्तार इनोवा कार की टक्कर में चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस टक्कर में बाइक पर जा रहे अन्य लोग भी जख्मी हो गए। रंजीत एवेन्यू थाने की पुलिस ने फिलहाल केस दर्ज करने के बाद मामले में जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि आठ अक्टूबर को अपनी पत्नी और बेटों, हरमन सिंह (4) और हुसनप्रीत सिंह (3) के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इस दौरान जब वह गुमटाला बाइपास पुल पर पहुंचा तो तेज रफ्तार इनोवा के चालक ने रांग साइड से आते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वे सभी गिर गए और जख्मी हो गए। लोगों ने उन्हें उठा कर हरतेज अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसके चार साल के बेटे हरमन की मौत हो गई।
जांच अधिकारी गुरदयाल सिंह ने बताया कि जालंधर शहर के नंबर वाली इनोवा कार की पहचान की गई है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है और आरोपी की पहचान के लिए जालंधर के आरटीओ कार्यालय के साथ संपर्क स्थापित किया जा रहा है।