तरनतारन। कस्बा भिखीविंड निवासी अवकार सिंह ने दुकान बेचने के नाम पर 22 लाख रुपये की ठगी करने की शिकायत दर्ज करवाई है। डीएसपी द्वारा शिकायत की जांच के बाद भाजपा के पूर्व जिला महासचिव उपकारदीप सिंह प्रिंस व उसकी पत्नी रेणू बाला के खिलाफ थाना भिखीविंड में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि दोनों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
विस हलका खेमकरण के कस्बा भिखीविंड निवासी अवकार सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर 10 निवासी उपकारदीप सिंह प्रिंस व उसकी पत्नी रेणू बाला ने 12 मरले जमीन में बनी दुकानें बेचने के नाम पर 22 लाख की राशि ली। रजिस्ट्री के लिए निर्धारित समय पर अवकार सिंह जब कचहरी पहुंचा तो पति-पत्नी वहां नहीं आए। बार-बार संपर्क करने पर दोनों बहानेबाजी करते रहे। 19 अक्तूबर 2020 को अवकार सिंह ने दंपती के खिलाफ शिकायत नंबर 38 भी दी, जिसकी जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट के बाद डीए लीगल की राय ली गई। डीएसपी तरसेम मसीह ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना भिखीविंड में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके आगे की जांच की जा रही है।