संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बाॅर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों ने अमृतसर जिला के सीमांत गांव दाओके से शनिवार की सुबह तीन किलो हेरोइन पकड़ी है। तीन पैकेटों में बरामद 3.2 किलो हेरोइन को बीएसएफ अधिकारियों ने पुलिस को सौंप दिया है। घरिंडा पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि बल की टुकड़ी शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि अमृतसर के पाकिस्तान से सटे गांव दाओके में गश्त कर रही थी। इस दौरान ही जवानों ने तड़के फेंसिंग के पास कुछ गिरने की आवाज सुनी। इसके तुरंत बाद ही बीएसएफ के जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च अभियान शुरू कर दिया।
बल के प्रवक्ता के मुताबिक सर्च करने वाली पार्टी ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के पास एक खेत से पीले रंग की सेलो टेप में लिपटे तीन पैकेट बरामद किए। बीएसएफ के जवानों ने तुरंत इसकी रिपोर्ट आला अधिकारियों को कर दी। घटनास्थल पर पहुंचे बल के सीनियर अधिकारियों ने पैकेटों को खोलकर देखा तो उनके अंदर 3 किलो और 210 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बीएसएफ अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए हेरोइन के पैकेट लोकल पुलिस को सौंप दिए।
- फोटो