आरोपियों के खिलाफ कई मामले हैं दर्ज
गुरदासपुर। सीआईए स्टाफ गुरदासपुर ने विभिन्न केसों में नामजद चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे दस ग्राम हेरोइन, एक पिस्टल, 32 बोर मैगजीन, 8 कारतूस एक सिंगल बैरल 12 बोर राइफल, एक कंप्यूटर कंडा, ड्रग मनी बरामद की गई है।
सीआईए स्टाफ के इंचार्ज कपिल कौशल ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में नशा बेचने के लिए दो आरोपी घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी पुलिस के सहयोग से आरोपी राहुल कुमार उर्फ कट्टा पुत्र अश्वनी कुमार निवासी बाबा बालक नाथ कॉलोनी गुरदासपुर और सोनू कुमार पुत्र राजकुमार निवासी नाथ चाट वाली गली गुरदासपुर को संदेह के आधार पर काबू किया गया। यह दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे थे। आरोपी सोनू कुमार के जेब से प्लास्टिक के लिफाफे में 10 ग्राम हैरोइन, 32 बोर मैगजीन वाली एक पिस्टल, आठ कारतूस बरामद किए गए। इसी तरह आरोपी राहुल कुमार उर्फ कट्टा के पास से एक कंप्यूटर कंडा, तीन हज़ार रुपए की ड्रग मनी, सिंगल बैरल राइफल और 12 बोर राइफल का एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा दुकान पर हथियार रखने के मामले में गुरदासपुर के एक दुकानदार को भी नामजद किया गया है।
कौशल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि इनके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी राहुल कुमार उर्फ कट्टा के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट, आर्म्स एक्ट और इरादा कत्ल के नौ मामले दर्ज है और यह जमानत पर बाहर आया हुआ था। जबकि सोनू के खिलाफ भी चार मामले दर्ज है।
गैंगस्टर के डर से खरीदे अवैध हथियार
कपिल कौशल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सोनू ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसकी एक गैंगस्टर के साथ पुरानी रंजिश है। उसको डर था कि गैंगस्टर उन पर हमला कर सकता है। उसको जवाब देने के लिए उसने भी हथियार खरीदा था। आरोपी सोनू लंबे समय से बिहार से अवैध हथियार लेकर इलाके में बेचता था।
कपिल कौशल के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों का एक दिन का रिमांड समाप्त हो गया है। जिनको फिर से अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा, क्योंकि पूछताछ के दौरान इनसे और भी कई खुलासे होने की संभावना है।