पहले से मिल रही थीं सीआई के इंस्पेक्टर को धमकियां, बुलेट प्रूफ जैकेट होने से बची जान
तरनतारन के एक विधायक के रिश्तेदार पर दर्ज करवा चुके हैं अवैध माइनिंग का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सदर थाना के तहत फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित भुल्लर एवेन्यू में बुधवार को सुबह सैर कर रहे काउंटर इंटेलिजेंस के इंस्पेक्टर प्रभदीप सिंह पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। बाइक सवारों ने उन पर सात राउंड फायर किए। इस दौरान बुलेट प्रूफ जैकट होने से उनका बचाव हो गया। हालांकि पुलिस अधिकारी को फायरिंग में मामूली चोटें आई हैं। बता दें कि उन्हें पहले से धमकियां मिल रही थीं, इसलिए वह अकसर बुलेट प्रूफ जैकेट पहनते हैं। प्रभदीप तरनतारन के एक विधायक के रिश्तेदार पर अवैध माइनिंग का केस दर्ज करवा चुके हैं।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। वहींं सदर थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक इंस्पेक्टर फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित आकाश एवेन्यू में रहते हैं। मौजूदा में फिरोजपुर काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात हैं। रोज की तरह इंस्पेक्टर बुधवार को सुबह घर से सैर के लिए निकले। इस दौरान वह भुल्लर एवेन्यू पहुंचे, जहां बाइक सवार दो युवकों ने उन पर गोलियां चला दी। हमलावरों ने उन पर सात राउंड फायर किए। उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी थी। बावजूद इसके उन्हें मामूली चोटें आई हैं। इसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। दूसरी तरफ पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और सदर थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी। उल्लेखनीय है कि काउंटर इंटेलिजेंस के इंस्पेक्टर प्रभदीप सिंह उसे समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने तरनतारन में एक विधायक के रिश्तेदार पर अवैध माइनिंग के आरोप में केस दर्ज किया था। जिसके बाद उनका तबादला फिरोजपुर में कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें कुछ समय से धमकियां मिल रही थीं। यह देखते हुए विभाग ने उन्हें बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध करवाई थी। एसीपी नार्थ वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि इसमें फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। वारदात स्थल के आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान की जा रही है।