फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: श्री हरमंदिर साहिब में रहिरास साहिब पाठ के दौरान बेअदबी का प्रयास, आरोपी की हत्या, सीएम चन्नी ने दिए जांच के आदेश

Sat, 18 Dec 2021 07:59 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पूरे मामले के बाद गुस्साई सिख जत्थेबंदियों ने एसजीपीसी के दफ्तर के सामने धरना शुरू कर दिया। इन सदस्यों ने मांग की कि बेअदबी करने वाले का शव पुलिस को नहीं सौंपना चाहिए।
विज्ञापन
श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी का प्रयास। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमृतसर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने पर शनिवार को श्री हरमंदिर साहिब में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। देर रात तक युवक की पहचान नहीं हो पाई। वह पंजाब से बाहर का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर सिख संगठनों में रोष फैल गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए श्री हरमंदिर साहिब के आसपास भारी पुलिस कर्मी तैनात कर दिए। मुख्यमंत्री चन्नी ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। एसजीपीसी का दावा है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी देख लोग भड़क गए थे। 

विज्ञापन

    
श्री हरमंदिर साहिब में शनिवार शाम रहिरास पाठ (शाम को किया जाने वाला श्री ग्रंथ साहिब का पाठ) चल रहा था। सुरक्षा के लिए बनाई गई रेलिंग के अंदर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे पाठी गुरबाणी पढ़ रहे थे। इस बीच ही संगत की लाइन में लगा एक युवक रेलिंग फांदकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पास पहुंच गया और पावन स्वरूप के पास रखी किरपाण को उठा लिया। इस दौरान उसका पैर पवित्र रुमाले पर आ गया। इससे वहां हड़कंप मच गया। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कर्मियों व टास्क फोर्स ने युवक को पकड़कर बाहर खींचा और पीटते-पीटते शिरोमणि कमेटी कार्यालय तक ले गए। पिटाई से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की उम्र 24 से 25 साल की बताई जा रही है। इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।


भड़की भीड़ ने कहा, शव को पुलिस को नहीं सौंपना चाहिए था

बेअदबी की कोशिश का वीडियो वायरल होने के बाद सिख जत्थेबंदियां एसजीपीसी दफ्तर के बाहर पहुंच गईं। इस दौरान कुछ के पास तलवारें भी। भड़की भीड़ का कहना था कि बेअदबी करने वाले को पुलिस के हवाले नहीं करना चाहिए था। उनका कहना था कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर देने के बावजूद बेअदबी के असल कारणों का पता नहीं चल पाता है। 

15 दिसंबर को भी हुई थी बेअदबी की घटना 

बीते 15 दिसंबर को भी श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी की घटना हुई थी। तब एक युवक ने परिक्रमा करते हुए अपनी जेब से गुटका साहिब निकालकर सरोवर में फेंक दिया था। तब एसजीपीसी के सेवादारों ने युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोपी की पहचान रणबीर सिंह के रूप में हुई थी, जो मानसिक बीमार था। पुलिस ने मामला दर्ज करके उसे उसी दिन जेल भेज दिया था।

सरकार सख्ती करती तो आरोपी को जान से हाथ न धोना पड़ता

एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि सरकार की ढुलमुल रवैये के कारण ही बेअदबी की घटनाएं हो रही हैं। एसजीपीसी के कर्मचारी और सेवादार आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर देते है, लेकिन जांच तह तक नहीं पहुंचती। इससे काफी रोष है। यदि सख्ती बरती होती तो आज आरोपी को जान से हाथ न धोना पड़ता।

साजिश की गहन जांच के आदेश 

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने  राज्य पुलिस अधिकारियों को इस कायराना हरकत के पीछे के असली मकसद और असली साजिशकर्ताओं को लेकर पूरे मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। है। सीएम ने एसजीपीसी अध्यक्ष को भी फोन किया और मामले की तह में जाने के लिए अपनी सरकार के पूर्ण समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया।

मारे गए युवक की उम्र 24-25 साल के आसपास है। सचखंड के अंदर पहुंचने के बाद जहां सभी लोग झुककर माथा टेकते हैं, वहां युवक रेलिंग फांदकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पास पहुंच गया और उनके सामने रखी किरपाण को उठा लिया। सचखंड से बाहर लाने तक युवक के साथ संगत ने इतनी मारपीट की कि उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। - परमिंदर सिंह भंडाल, डीसीपी अमृतसर पंजाब पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन

विश्वास नहीं होता, ऐसी घटना घटित हुई : सुखबीर

अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी की घटना पर सदमा और अविश्वास व्यक्त किया। बादल ने कहा कि यह विश्वास करना असंभव है कि यह सिर्फ एक ही व्यक्ति का काम हो सकता है। इसके पीछे गहरी साजिश रची गई है। मुगलों, मसंदों और ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद श्री हरमंदिर साहिब की पवित्रता को कभी इस तरह से निशाना नहीं बनाया गया। सुखबीर ने कहा कि शनिवार को हुए घटनाक्रम ने पूरे सिख समुदाय को सदमे में डाल दिया है। सिखों के मन को ठेस पहुंचाने और राज्य में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की गहरी साजिश की जा रही है।

शिअद प्रधान ने राज्य सरकार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की साजिश रचे जाने के पुख्ता संकेत मिल रहे थे। दूसरे दिन पवित्र सरोवर में गुटका साहिब फेंके जाने की दिल दहलाने वाली घटना सामने आई थी। जिसके बाद राज्य की एजेंसियां गहरी साजिश से अंजान नहीं हो सकतीं। इस तरह के जघन्य अपराध को रोकने के लिए किसी ने कुछ नहीं किया और न ही कोई कदम उठाया। सुखबीर ने पूछा कि खुफिया एजेंसियां क्या कर रही थीं। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि साफ तौर पर गहरी साजिशें रची जा रही हैं और सत्ता में बैठे लोगों को कई जवाब देने पड़ेंगें।

श्री हरमंदिर साहिब की घटना को आप ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

श्री हरमंदिर साहिब में हुई बेअदबी की घटना पर आम आदमी पार्टी ने दुख जताया और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। शनिवार को पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस घटना ने देश-विदेश में बसे सभी पंजाबियों को चोट पहुंचाई है और उनकी भावना आहत हुई है। इस घटना से साजिश की बू आ रही है। इसकी निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। हरमंदिर साहिब की घटना पर दुख जताते हुए आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि श्री दरबार साहिब में हुई बेअदबी की घटना बेहद दुखदायी है। लोग सदमे में हैं, यह बहुत बड़ी साजिश हो सकती है। आरोपियों को सख्त सजा मिले। आप के पंजाब प्रधान और सांसद भगवंत मान ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में सुनकर दिल दहल गया है। बाबा नानक पंजाब और पंजाबियों को आशीर्वाद दें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें