बाहरी राज्यों से पार्सल के जरिये मंगवाते थे नशीली गोलियां, पांच गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस ने बाहरी राज्यों से पार्सल के जरिये नशीली गोलियां मंगवाकर सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। डी डिविजन की पुलिस ने 17 हजार नशीली गोलियां बरामद करने के साथ ही गिरोह के पांच शातिरों को भी काबू किया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आरोपियों की पहचान अमृतसर में ढाब वस्ती राम निवासी प्रिंस कुमार उर्फ राजन, पट्टी में (तरनतारन) मोहल्ला कोड़ियां वाला निवासी बलजिंदर सिंह, मेजर सिंह, पट्टी की वार्ड 9 के मोहल्ला चट्ठुआ वाला निवासी आकाश सिंह तथा तरनतारन के गांव हरिके निवासी मेहर सिंह के रूप में बताई।
उन्होंने बताया कि आरोपी प्रिंस कुमार उर्फ राजन और बलजिंदर सिंह एक्टिवा पर सवार होकर तरनतारन और अमृतसर के अलग-अलग इलाकों में नशीली गोलियां सप्लाई करते थे। सीआईए स्टाफ-1 के इंस्पेक्टर अमोलकदीप सिंह की टीम ने रेलवे स्टेशन के पिछले हिस्से गोल इलाके में नाकेबंदी करके वाहनों की चैकिंग करने के दौरान राजन और बलजिंदर को काबू किया।
प्रिंस कुमार उर्फ राजन से पूछताछ में सामने आया कि वह जेल में बंद रहा है, जहां उसकी पहचान बंदी मेजर सिंह निवासी पट्टी के साथ हुई। जो जमानत पर बाहर आने के बाद बाहरी राज्यों से क्लोवेडोल100 एसआर आदि नशीली गोलियां पार्सल जरिए मंगवा कर आगे बलजिंदर सिंह को सप्लाई करता है। बलजिंदर आगे उक्त नशे की गोलियों को मेजर सिंह के कहने पर अमृतसर और तरनतारन के अलग-अलग व्यक्तियों को सप्लाई करता है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के अन्य साथियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपियों से अभी तक खरीदी गई कुल नशीली गोलियों की मात्रा का पता लगाया जा रहा है।