थाना खंदौली के प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि यह मेटाडोर में छिपाकर नकली मोबिल ऑयल के डिब्बों को आगरा से बाहर ले जाते थे। नकली मोबिल ऑयल की सप्लाई पूर्वांचल के जिलों में होती है। यह भी पता चला है कि चालक के साथ सप्लायर अपने साथ फर्जी कागजात भी रखता है।
रास्ते में पकड़े जाने पर कागजात दिखा देते थे। इस संबंध में कार्रवाई के लिए जीएसटी विभाग में पत्र लिखा जाएगा, जिससे मोबिल ऑयल से भरे वाहनों के कागजात गहनता से चेक किए जा सकें। वहीं फरार आरोपी शारिक और शकील की तलाश में दबिश दी जा रही है। वह घरों से फरार हो गए हैं।
छत्ता में पकड़े आरोपियों पर नहीं लगा गैंगस्टर
पुलिस ने वर्ष 2020 में थाना एत्माद्दौला, छत्ता और ताजगंज में नकली मोबिल की फैक्टरी, गोदाम और पैकिंग की फैक्टरी पकड़ी थीं। छत्ता के जीन खाना में वर्षों में नकली मोबिल ऑयल का धंधा चल रहा था। मुकदमे भी दर्ज किए गए थे। छत्ता में ही 28 आरोपियों को नामजद किया।
आरोपी जेल भेजे गए, वह जमानत पर बाहर आ गए। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर में कार्रवाई नहीं की गई। वहीं खंदौली में पकड़ी फैक्टरी से पकड़े गए सनी और अरमान पूर्व में जेल भेजे गए थे। जेल से बाहर आते ही उन्होंने यह कारोबार फिर से शुरू कर दिया। मगर, इस बार फैक्टरी शहर की जगह देहात में खोली गई।