आम आदमी और पुलिस के बीच कम हो रहीं दूरियां
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी के सामने पुलिस का जिक्र आते ही रौबदार कड़क आवाज, एक सांस में कई सवाल पूछने और जवाब देने से पहले ही डंडा चला देने वाले की छवि सामने आती है। मगर, यूपी पुलिस अब इस छवि से उबरने की कोशिश कर रही है। लगातार भागदौड़ और ड्यूटी के बीच पुलिसकर्मी भी समय निकाल कर जन सरोकार से जुड़े ऐसे काम कर रहे हैं जो नजीर बन रहे हैं।
नतीजतन, आम आदमी और पुलिस के बीच की गहरी खाई पटती नजर आ रही है। इसके साथ ही आम आदमी आपराधिक मामलों में पुलिस को सूचना देने या सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। हाल के दिनों में मिर्जापुर, सोनभद्र, इलाहाबाद सहित पूर्वांचल के जिलों में कुछ ऐसे वाकिये देखने को मिले। जिसमें पुलिस ने अपने आचरण से आम आदमी का दिल जीता और महकमे को वाहवाही मिली।
सोनभद्र : पढ़ाने की ली जिम्मेदारी, अब लगवा रहे कृत्रिम पैर
शक्ति नगर थानाध्यक्ष भारत भूषण तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले के शक्ति नगर थानाध्यक्ष भारत भूषण तिवारी के नाम की इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मची हुई है। भारत भूषण ने मिसरा गांव निवासी दोनों पैर से विकलांग शिवा विश्वकर्मा (10) की पढ़ने के प्रति ललक देख कर उसकी पढ़ाई का जिम्मा उठाते हुए निजी स्कूल में कक्षा दो में दाखिला कराया। इसके साथ ही शिवा के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उसके लिए कृत्रिम पैर तैयार करा रहे हैं। इसमें लगभग एक लाख रुपये खर्च होंगे। यह पूरा खर्च भारत भूषण खुद वहन कर रहे हैं और छह-सात दिसंबर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में शिवा को दोनों कृत्रिम पैर डॉक्टर लगाएंगे।
इलाहाबाद : रक्तदान कर बचा रहे आम आदमी की जिंदगी
blood donate
इलाहाबाद के आईजी आफिस में तैनात कांस्टेबल आशीष कुमार मिश्र अपनी ड्यूटी के साथ ही जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराते हैं। खून की कमी से किसी की मौत न हो, इसके लिए उन्होंने रक्तदाता समूह बना रखा है। इसमें डेढ़ सौ से ज्यादा लोग शामिल हैं जो सूचना मिलते ही जरूरतमंद को रक्तदान करते हैं। इस मुहिम के लिए आशीष को डीजीपी आफिस की ओर से सम्मानित भी किया गया है। आशीष कहते हैं कि पुलिसकर्मियों के साथ ही आमजन भी उनकी मुहिम में शामिल हैं और कोशिश की जाती है कि रोजाना किसी न किसी जरूरतमंद की मदद की जा सके।
सोशल मीडिया पर आम आदमी से अधिकारी करेंगे संवाद
सुलखान सिंह
- फोटो : amar ujala
आम आदमी और पुलिस के बीच की गहरी खाई पाटने के लिए डीजीपी सुलखान सिंह ने एक नई शुरुआत की है। इसी के तहत गुरुवार की शाम 5:30 से 6:30 बजे तक ट्विटर पर आम आदमी के सवालों के जवाब देेंगे। #AskDGPUP के साथ आमजन कोई भी बात गुरुवार को डीजीपी से पूछ सकेंगे। इसी क्रम में आगामी दिनों में सोशल मीडिया पर पुलिस अधीक्षक भी समय-समय पर अपने जिले के आम आदमी से संवाद स्थापित करेंगे। इसका उद्देश्य यही है कि पुलिस और पब्लिक के बीच नजदीकी संबंध स्थापित हो।
मिर्जापुर : युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार की मुहिम
मिर्जापुर में पुलिसकर्मियों को ऐप का प्रशिक्षण दिया गया
- फोटो : अमर उजाला
मिर्जापुर जिले के नक्सल प्रभावित इलाके के युवाओं को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने की कोशिश में यहां के पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी लगे हैं। इसके तहत नक्सल प्रभावित गांवों के युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें निजी क्षेत्र में नौकरी का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। फिलहाल मिर्जापुर जिले के 35 युवकों को प्रशिक्षण के लिए बंगलूरू भेजा गया है। प्रशिक्षण पूरा होते ही इनका प्लेसमेंट होगा। जल्द ही इतने ही और युवाओं को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। एसपी मिर्जापुर ने बताया कि ऐसी व्यवस्था बनाने की कोशिश की जा रही है कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहे।