फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तस्वीरें: छात्र की हत्या के बाद पुलिस छावनी में तब्दील हुआ यूपी कॉलेज, मां की चीत्कार से फट गया लोगों का कलेजा

Fri, 20 Mar 2026 02:27 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi Crime News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में खौफनाक वारदात सामने आई है। शुक्रवार को यूपी कॉलेज में एक छात्र की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद यूपी कॉलेज पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। 
विज्ञापन
1 of 9
यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या - फोटो : अमर उजाला
यूपी कॉलेज में कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की गैलरी में बीएससी फोर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23 वर्ष) की शुक्रवार सुबह सीने और सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। छह से सात राउंड फायरिंग के बाद आरोपी बीए का छात्र मंजीत चौहान सामाजिक विज्ञान के बरामदे में पिस्टल फेंककर भाग निकला। सूर्य को सिर और सीने में 4 गोलियां लगी हैं। लालपुर-पांडेयपुर के चांदमारी निवासी आरोपी मंजीत चौहान और अनुज सिंह के खिलाफ शिवपुर थाने में हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक वारदात के पीछे की वजह आपसी रंजिश है। ट्रॉमा सेंटर में सूर्य प्रताप सिंह की मौत के बाद पहुंची मां की चीत्कार से वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। बिलखते हुए मां ने कहा कि अब मैं किसके लिए जिऊंगी। रोते-बिलखते हुए वह बार-बार अचेत हो जा रहीं। मौके पर छात्रों ने उन्हें ढांढस बंधाया।
विज्ञापन

2 of 9
यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या - फोटो : अमर उजाला
प्राचार्य के सामने हुई वारदात से नाराज छात्रों ने प्राचार्य के आवास पर निजी वाहन समेत फर्नीचर में तोड़फोड़ की। केमिस्ट्री के लेक्चरर अभिषेक सिंह समेत दो शिक्षक भी छात्रों के हमले में घायल हो गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को नियंत्रित किया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर गिलट बाजार-यूपी कॉलेज मार्ग पर धरना शुरू कर दिया। एहतियातन कमिश्नरेट के तीनों जोन की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही। 
विज्ञापन

3 of 9
यूपी कॉलेज के गेट पर मौजूद पुलिस व छात्र - फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के दुबैथा गांव निवासी सूर्य प्रताप सिंह यूपी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष (फोर्थ सेमेस्टर) का छात्र था। सुबह वह प्रैक्टिकल का वायवा देने आया था। कुछ छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य के बुलावे पर वह आया था। प्रशासनिक भवन के बाहर दाहिनी ओर सूर्य प्रताप सिंह और चांदमारी निवासी मंजीत चौहान के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके करीब 10 मिनट बाद सूर्य प्रताप वायवा देकर सामाजिक विज्ञान संकाय की सीढ़ियां चढ़कर गैलरी में पहुंचने ही वाला था कि मंजीत ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

4 of 9
यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या - फोटो : अमर उजाला
पहली गोली सूर्य के सीने में मारी और गाली दी। इसके बाद जब वह आगे की ओर भागा, तो आरोपी ने नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी। दो गोलियां सीने में और दो सिर में मारी गईं। सूर्य औंधे मुंह फर्श पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने एक अन्य छात्र आकाश सिंह को भी पिस्टल लेकर दौड़ाया। उसके ओझल होने पर मंजीत चौहान ने सामाजिक विज्ञान के बरामदे में कूड़े के ढेर में पिस्टल फेंक दी और पहली मंजिल की छत से कूदकर भाग निकला। छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य कुछ दूरी पर खड़े थे लेकिन वे घायल सूर्य के पास नहीं आए और वहां से चले गए। वारदात से पहले मंजीत चौहान की प्राचार्य से बातचीत भी हुई थी।

इसे भी पढ़ें; वाराणसी में खौफनाक वारदात: बीएससी के छात्र की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, प्रिंसिपल के सामने की गई फायरिंग
विज्ञापन

5 of 9
यूपी कॉलेज के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
साथी छात्रों ने लहूलुहान हालत में सूर्य को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राचार्य की सूचना पर शिवपुर, कैंट, लालपुर-पांडेयपुर, सारनाथ, रोहनिया समेत तीनों जोन के 15 से अधिक थानों की पुलिस पहुंच गई। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, डीसीपी गोमती आकाश पटेल, एडीसीपी नीतू, एसीपी चेतगंज ईशान सोनी, कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से तीन कारतूस बरामद किए हैं। ड्रोन कैमरे से भी परिसर में निगरानी की जा रही है।
विज्ञापन

6 of 9
यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या - फोटो : अमर उजाला
अधिकारी बोले
कॉलेज परिसर में छात्रों और प्रबंधन से वार्ता की गई है। आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया। -मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त
विज्ञापन

7 of 9
यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या - फोटो : अमर उजाला
कॉलेज के आसपास की दुकानें बंद, गेट के बाहर धरने पर बैठे छात्र
साथी छात्र की हत्या से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज का मुख्य द्वार बंद करा दिया और परिसर में कुर्सी-मेज में तोड़फोड़ की। आसपास की दुकानों को भी जबरन बंद कराया गया। दोपहर बाद 50 से अधिक छात्रों का समूह प्राचार्य डीके सिंह के आवास पहुंचा और वहां खड़ी कार में तोड़फोड़ की। केयरटेकर की पिटाई भी की गई। बीच-बचाव में पहुंचे लेक्चरर अभिषेक सिंह पर भी हमला किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्राचार्य के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कॉलेज गेट के बाहर छात्र धरने पर बैठे हैं और प्राचार्य के इस्तीफे व आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।

8 of 9
यूपी कॉलेज के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
निजी स्कूल में वाहन चालक हैं पिता, दो बहनों का इकलौता था सूर्य
गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र के दुबैथा गांव निवासी सूर्य प्रताप सिंह के पिता ऋषि देव सिंह शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में परिवार के साथ रहते हैं। वे एक निजी स्कूल में वाहन चालक हैं, जबकि मां किरन देवी उसी स्कूल में कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। इकलौते बेटे का शव देखकर मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोनों विवाहित बहनें भी वहां पहुंचीं।
विज्ञापन

9 of 9
यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या - फोटो : अमर उजाला
छह साल पहले भी चली थीं गोलियां
यूपी कॉलेज में इससे पहले भी फायरिंग की घटना हो चुकी है। 24 अप्रैल 2019 को पीजीटी हॉस्टल के बाहर छात्र विवेक सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 2019 के बाद यह पहली बार है, जब कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े इस तरह हत्या हुई है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें