Mirzapur News: चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन भी विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। मंगला आरती के बाद से ही मां विंध्यवासिनी की एक झलक पाने को श्रद्धालु बेताब रहे। माता के जयकारे से विंध्य धाम की गलियां गूंजती रहीं।
विज्ञापन
1 of 8
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु बेताब दिखे। खराब मौसम के बावजूद माता के जयकारे से विंध्य धाम की गलियां गूंजती रहीं। मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने माता काली और अष्टभुजा मंदिर पहुंचकर दर्शन पूजन किया। सुबह से ही गरज चमक के साथ बारिश के चलते कुछ मार्गों पर कीचड़ के चलते फिसलन से श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ी रहीं।
विज्ञापन
2 of 8
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
मंदिर की गलियों में भोर से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां की आराधना कर सुख समृद्धि की कामना की। शुक्रवार को मंगला आरती के बाद से शुरु हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला अनवरत जारी है। मां विंध्यवासिनी के गुड़हल, कमल, गुलाब के पुष्पों, रत्नजड़ित आभूषणों से दिव्य शृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे।
विज्ञापन
3 of 8
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
शहनाई, शंख और ढोल-नगाड़े की ध्वनि के साथ पहाड़ावाली के जयकारे से संपूर्ण शक्ति धाम गूंज रहा था। परिक्रमा पथ की छत पर साधक वैदिक मंत्रों के बीच पूजन अनुष्ठान में लीन नजर आए। शहनाई-नगाड़े की धुन पर लोगों ने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। श्री विंध्य पंडा समाज के पदाधिकारी और सदस्य भक्तों की सेवा में जुटे रहे। सुरक्षा के लिए प्रशासन ने इंतजाम किए थे।
4 of 8
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
जमीन पर बैठकर कपाट खुलने का किया इंतजार
आरती व शृंगार के लिए मां विंध्यवासिनी मंदिर के कपाट एक-एक घंटे के लिए बंद रहे। इस दरम्यान लंबी कतारों में लगे श्रद्धालु अपनी जगह बैठकर कपाट खुलने का इंतजार करते रहे।
विज्ञापन
5 of 8
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
मंदिर की सजावट बिखेर रही अलौकिक छटा
चैत्र नवरात्र में विंध्य धाम सहित अष्टभुजा पहाड़ पर स्थित महाकाली व मां अष्टभुजी मंदिर की फूलों से की गई सजावट अलौकिक छटा बिखेर रही। विंध्याचल मंदिर के प्रमुख द्वार सहित संपूर्ण मंदिर परिसर की आकर्षक पुष्पों और रंग-बिरंगी लाइटों से की गई सजावट देख श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
विज्ञापन
6 of 8
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
गंगा स्नान के लिए उमड़े
धाम क्षेत्र के गंगा घाटों पर स्नान ध्यान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से गंगा में बैरिकेडिंग की गई है। गोताखोर और महिला पुलिस बल भी गंगा घाट पर तैनात रहे। गंगा घाटों पर वस्त्र बदलने के लिए अस्थायी टेंट का इंतजाम है।
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
अब हर कोई नहीं कर सकेगा वीआईपी दर्शन, पर्ची से होगी व्यवस्था
नवरात्र मेला में जिला प्रशासन ने वीआईपी दर्शन के लिए पर्ची व्यवस्था कर दी है। यह जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और न्यायिक अधिकारी इस पर्ची को जारी करेंगे। इस पर्ची में वीआईपी के साथ जाने वालों की संख्या भी निश्चित होगी। उन्होंने बताया कि नवरात्र मेला में कई जगह से अधिकारी, पुलिस बल आदि आते हैं। हर कोई व्यक्ति हर किसी अधिकारी या वीआईपी को नहीं पहचान सकता। इसलिए वीआईपी के लिए यह व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब हर कोई आदमी खास बनकर वीआईपी दर्शन का लाभ नहीं ले सकेगा। उसके लिए पर्ची से ही दर्शन की व्यवस्था होगी।
विंध्याचल धाम में भक्तों का रेला
- फोटो : अमर उजाला
अष्टभुजा पहाड़ पर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन अष्टभुजा पहाड़ पर देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। काली खोह स्थित महाकाली के दरबार में दर्शन पूजन कर श्रद्धालुओं ने मंगल कामना की। वहीं अष्टभुजी देवी के धाम में पहुंचे भक्तों ने मत्था टेक कर सुख समृद्धि की कामना की। देवी दरबार पहुंचे भक्तजन माता के भव्य स्वरूप का दर्शन पाकर विभोर हो उठे। मंदिर में माता की जय जयकार के साथ ही घंटा घड़ियाल की गूंज निरंतर गूंजती रही। दूरदराज से आए श्रद्धालु माता की भक्ति में सराबोर नजर आए।