सर्व विद्या की राजधानी काशी ज्ञान, कला, परंपरा और संस्कृति के साथ ही खेलों के लिए भी दुनिया भर में मशहूर है। आईपीएल के शोर के बीच संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पर पिछले दस साल से खेला जा रहा संस्कृत क्रिकेट मैच भी अब पीएमओ की नजर में आया है। पीएमओ ने बटुकों के क्रिकेट मैच के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है।
जल्द ही विश्व फलक पर काशी का यह अनोखा संस्कृत क्रिकेट नए कलेवर में नजर आएगा। संस्कृत में फलकम, कंदुकम और त्रिदंडम की यह नई कमेंट्री दुनिया को सुनने को मिलेगी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध शास्त्रार्थ महाविद्यालय की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन पिछले दस सालों से किया जा रहा है।
भारतीय संस्कृति और देवभाषा से जुड़ने के कारण हर साल होने वाला यह आयोजन काशी ही नहीं देश भर के संस्कृत, संस्कृति और क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र है। केंद्र की मोदी सरकार संस्कृत और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई स्तर पर प्रयास कर रही है। बटुकों के क्रिकेट के बारे में पीएमओ कार्यालय की रुचि भी उसी प्रयास का एक हिस्सा बताया जा रहा है। संस्कृत क्रिकेट काशी की एक नई पहचान बनकर उभरेगा।