प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन को देखते हुए एसपीजी ने रविवार को फ्लीट रिहर्सल किया। इस दौरान बाबतपुर एयरपोर्ट से मिर्जामुराद स्थित मेहंदीगंज जनसभा स्थल और जनसभा स्थल से हेलीपैड तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। वहीं एडीजी ने ब्रीफिंग में अभेद्य सुरक्षा के बाबत पुलिस अधिकारियों और जवानों को टिप्स दिए। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एनएसजी व एटीएस के कमांडो के साथ ही केंद्रीय खुफिया इकाइयों के अधिकारी तैनात रहेंगे।
टीपी लाइन में एडीजी ब्रजभूषण और आईजी रेंज एसके भगत ने फोर्स को ब्रीफ किया। एडीजी ने कहा कि बैरिकेडिंग से बाहर कोई न आने पाए, इस पर पूरा ध्यान रहे। आमजन की गतिविधियों पर मुस्तैदी से नजर रखें। पांच स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दौरान मेहंदीगंज स्थित सभा स्थल में बगैर अनुमति के मंच के पास किसी को जाने की अनुमति नहीं होगी। जनसभा स्थल में सादे वेश में पुलिसकर्मी चक्रमण करते रहेंगे।