आयकर विभाग की जांच में चौंकाने वाले मामले आते जा रहे हैं। दूसरे दिन मंगलवार को जांच टीम को छापे के दौरान कारोबारियों के घर से रजाई-गद्दे, सोफा, कार्टन में करोड़ों रुपये मिले हैं। आयकर अधिकारियों का अनुमान है कि इस कार्रवाई के पूरी होने तक बड़े पैमाने पर नगदी और बेनामी संपत्तियों का खुलासा हो सकता है। बैंक से नोट गिनने की मशीन भी मंगाए जाने की तैयारी चल रही है।
महाराष्ट्र के सपा नेता अबु आसिम आजमी के करीबी सर्वेश अग्रवाल, दिलीप गुप्ता के रिश्तेदारों और इनसे जुड़े करीबियों के घर, दुकान, फर्मों पर आयकर के छापे में वाराणसी में 30 स्थानों पर सोमवार से चल रही है।
इसमें प्रेमचंद नगर, मलदहिया, रथयात्रा, सिगरा, महमूरगंज, गोदौलिया, नई सड़क, चांदपुर, वरुणा गार्डेन, पांडेयपुर, गोइठहां सहित कई स्थानों पर कार्रवाई चल रही है। आयकर विभाग के कार्यालय में इसके लिए कंट्रोल रूम में बनाया है। टीम ने तीन दिन तक जांच कराने का लक्ष्य रखा है। जांच टीम में अरविंद चौहान, शशिकांत यादव, जेपी चौबे आदि हैं।