बाजारों में धनतेरस की रौनक है। इस बार ऑटोमोबाइल, सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वस्त्र उद्योग, बनारसी साड़ियां, फर्नीचर, होम फर्निशिंग, मिठाइयों और रियल एस्टेट सहित अन्य क्षेत्रों में 3500 से करोड़ से ज्यादा की खरीदारी की उम्मीद है। इससे कारोबारी भी उत्साहित हैं। कारोबारी संगठनों का कहना है कि जीएसटी कम होने का फायदा ग्राहकों को मिल रहा है। सब फायदा उठा रहे हैं। खरीदारी पर अच्छी छूट और ऑफर मिल रहे हैं।
पूर्वांचल के बाजार का केंद्र बनारस में बड़े पैमाने पर खरीदारी हो रही है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में कंपनियां मुफ्त एसेसरीज और आसान किस्तों पर वाहन खरीदने के ऑफर दे रही हैं। वहीं, सराफा बाजार में हीरे के आभूषणों पर विशेष छूट और मुफ्त बनवाने की योजनाएं ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। दोपहिया और चार पहिया वाहनों की बुकिंग में तेजी आई है।