महामना की बगिया काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शनिवार को स्वर्ण पदक पाकर 91 मेधावियों के चेहरे दमक उठे। मौका था शनिवार को आयोजित 102वें दीक्षांत समारोह का। समारोह में मुख्य अतिथि आईआईटी बीएचयू के 1989 बैच के छात्र और पालो आल्टो नेटवर्क्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निकेश अरोड़ा ने 91 मेधावियों में 113 स्वर्ण पदक और 37 हजार से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां दी गईं। पदक पाने के बाद मेधावियों ने शिक्षकों, माता-पिता का आशीर्वाद और भविष्य के सपने को साकार करने का संकल्प लिया।
विश्वविद्यालय में वर्ष 2019 के बाद से दीक्षांत समारोह का आयोजन कोरोना संक्रमण की वजह से नहीं हो पाया था। अब जब स्थिति सामान्य हुई है तो तीन साल का समारोह एक साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में आयोजित समारोह में सत्र 2019-20, 2020-21 और 2021-22 के मेधावियों को पदक और पुरस्कार वितरित किया गया। परिसर के सभी संकायों, संस्थानों में उत्सव जैसा माहौल दिखा। यहां समारोह आयोजित कर स्वर्ण, रजत पदक और उपाधियां दी गईं।