शामली जनपद में लेन-देन के विवाद में पिता-पुत्र को दो-दो गोली मारी गई थी। इनमें एक गोली सिर में और दूसरी सीने में मारी गई। पोस्टमार्टम से पहले दोनों के शव का एक्स-रे कराया गया तो इसकी पुष्टि हुई। अर्जुन के सीने में मारी गई गोली रीढ़ की हड्डी के पास फंसी मिली, जबकि भूपेंद्र को लगी दोनों ही गोलियां आर-पार हो गईं। इस मामले में आरोपी सिपाही विक्रांत, उसका भाई अर्जुन और साथी मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मेरठ की न्यू सैनिक कॉलोनी निवासी भूपेंद्र पुत्र बिजेंद्र और उसके पुत्र अर्जुन की बुधवार शाम गोली मारकर हत्या करने के बाद शव कांधला थाना क्षेत्र के सल्फा गांव में फेंक दिए गए थे। भूपेंद्र की मां सुरेश देवी ने मखमूलपुर गांव निवासी सिपाही विक्रांत व उसके परिजनों और एक साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बुधवार रात ही विक्रांत के भाई अर्जुन, पत्नी शिवानी और मां मुद्रेश को देर रात में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि फरार हुए विक्रांत व मोनू पुत्र सुकरमपाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।