उत्तर प्रदेश के कैराना में अजीम मंसूरी की शादी इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। ढाई फीट के अजीम मंसूरी का कद कभी उनके लिए मुश्किल बन रहा था लेकिन अब इसी कद ने उन्हें लोकप्रिय बना दिया। बुधवार को अजीम मंसूरी की शादी हुई तो हर तरफ उनकी ही चर्चा रही। अजीम मंसूरी को बिल्कुल उनकी ही कद-काठी की पढ़ी-लिखी दुल्हन मिल गई, हालांकि इसके लिए अजीम को काफी मेहनत करनी पड़ी।
दरअसल, अजीम के परिवार ने शादी की तारीख सात नवंबर बताई थी, लेकिन परिवार का कहना हैं कि शादी में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो, इसलिए पांच दिन पहले ही बरात ले जानी पड़ी। कैराना से अजीम के साथ 20 लोग बराती बनकर रवाना हुए। जाने से पहले उसने पड़ोसियों से आशीर्वाद लिया।
बुधवार को सुबह ही परिवार व अन्य रिश्तेदार अजीम के घर पर पहुंच गए। अजीम ने कहा कि वह अपनी शादी सादगी के साथ कर रहा है। अधिक भीड़ इकट्ठा न हो इसलिए कम बराती ही ले जाए जा रहे हैं। जिस जगह अजीम मंसूरी का आवास है। उसी गली में कुछ हिंदू, मुस्लिम परिवार रहते हैं। बरात की गाड़ी में बैठने से पहले अजीम ने अपने पड़ोसियों के घरों पर पहुंचकर उनसे आशीर्वाद लिया। लोगों ने उसे शादी की मुबारकबाद दी।