रानीगंज इलाके के शेेखूपुर गांव में पिता-पुत्र की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हुई हत्या की घटना में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। इतना बड़ा बवाल होने के बाद भी रानीगंज पुलिस पूरी तरह घटना से अनभिज्ञ रही। न कोतवाल का कहीं पता था न सीओ रानीगंज का। दोनों पक्षों के वकीलों और पचास से भी अधिक लोगों की मौजूदगी में जमीन विवाद के निपटारे को लेकर चल रही पंचायत के दौरान कत्लेआम मच गया।
बमबाजी की गई। तोड़फोड़ होती रही। महिलाओं ने जान बचाने के लिए घर का दरवाजा बंद कर लिया। डायल 112, एसपी के साथ एंबुलेंस को फोन लगाती रहीं, लेकिन दो घंटे तक पुलिस नहीं आई। मारपीट थमने के बाद 35 किमी का सफर तय कर घायल जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया गया।