सीएम योगी।
- फोटो : amar ujala
होटल हारमनी इन से बृहस्पतिवार सुबह साढ़े नौ बजे पैरालंपिक विजेता लो फ्लोर बसों से पुलिस एस्कॉर्ट के साथ कृषि विवि के लिए निकले। फूलों, गुब्बारों, रंगोली से सजे चौराहों पर देशभक्ति तरानों के बीच बच्चों की आवाज गूंजती रही... पैरालंपिक के सितारों मेरठ में आपका स्वागत है। तेजगढ़ी चौराहे पर जीआईसी के स्काउट गाइड और बीडीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बैंड और नारे लगाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। सीसीएसयू के गेट पर सड़क के दोनों तरफ सत्यकाम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मुद्राओं में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। जेल चुंगी, कमिश्नरी आवास चौराहा, माल रोड और गांधी बाग चौराहे पर बीएवी, पुलिस मॉर्डन स्कूल, सेंट जोंस स्कूल, इस्माईल गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बीके माहेश्वरी गर्ल्स इंटर कॉलेज और शांति निकेतन के छात्र-छात्राओं ने धूमधाम से स्वगात किया गया। बैंड पर देशभक्ति तरानों की प्रस्तुति दी। मोदीपुरम में दयावती मोदी एकेडमी और एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल भराला के छात्र-छात्राओं ने फूल बरसाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पैरालंपिक विजेता भी इस स्वागत से भावुक हो गए। खुशी से कई की आंखें भी नम हो गईं। उन्होंने बच्चों का बेहद गर्मजोशी से हाथ हिलाकर अभिवादन किया।