किसान आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाली गठवाला खाप एक बार फिर ताकत दिखाने जा रही है। महापंचायत के लिए गांव-गांव में तैयारियां की जा रही हैं। लालूखेड़ी से मुजफ्फरनगर तक काफिले के रूप में गठवाला के लोग पहुंचेंगे।
पांच सितंबर को खाप के अधिकतर किसान और खाप चौधरी लालूखेड़ी में एकत्र होंगे। भाकियू नेता अनिल मलिक ने बताया कि पुरा महादेव से खाप चौधरी आजाद मलिक के अलावा थांबेदार श्याम सिंह बहावड़ी, रविंद्र सिंह, रविंद्र सिंह सोंहजनी, अजब सिंह खरड़ समेत अन्य खाप चौधरी की अगुवाई में खाप के लोग महापंचायत में शामिल होंगे।
पंचायत को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को गांव दर गांव जनसंपर्क किया गया। भाकियू नेता ओमपाल मलिक ने कहा कि गठवाला हमेशा की तरह सबसे खास भूमिका निभाएगा, सबसे बड़ी भागीदारी गठवाला की होगी। कुछ किसान लालूखेड़ी के रास्ते जाएंगे, जबकि खाप के कुछ किसान बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर जाएंगे। वहीं, लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र लाटियान ने कहा कि किसानों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।