केंद्रीय पशुपालन राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने सिसौली पहुंचकर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का हाल जाना। करीब एक घंटे की मुलाकात में पिछले एक साल से दोनों पक्षों के बीच चला आ रहा गतिरोध भी टूट गया। चुनावी माहौल में हुई मुलाकात के लोगों ने दिनभर अपने-अपने हिसाब से मतलब निकाले। लखनऊ और दिल्ली तक की नजर मुलाकात पर टिकी रही।
किसान आंदोलन के कारण बदले माहौल में करीब एक साल से भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के बीच संवाद टूटा नजर आ रहा था। सोमवार को संजीव बालियान, पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक बालियान, चौधरी साहब सिंह और राजू अहलावत सिसौली स्थित टिकैत के आवास पर पहुंचे।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत से मुलाकात कर कंधे में लगी चोट और आपरेशन के विषय में जानकारी ली। पिछले दिनों ही भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने रालोद के बुढ़ाना प्रत्याशी राजपाल बालियान को चुनाव चिह्न दिया था, जिसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री की टिकैत से मुलाकात के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।