फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीसीएस-2018: दिल में था जज्बा, आखिर जीत लिया जहां... बेमिसाल है होनहारों की कहानी

Sat, 12 Sep 2020 01:02 PM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
1 of 9
गंगानगर में हेमंत पांडेय को मिठाई खिलाते परिजन और माता-पिता के साथ इशिता मित्तल - फोटो : अमर उजाला
दिल में कुछ करने का जज्बा हो तो मेहनत रंग लाती ही है। उत्तर प्रदेश पीसीएस-2018 की परीक्षा में मेरठ जिले के कई होनहारों ने सफलता हासिल कर मेरठ का नाम रोशन किया है। किसी ने नौकरी में रहते हुए परीक्षा की तैयारी बनाए रखी तो किसी ने सफलता पाने के लिए दिन-रात एक कर दिया। अपने-अपने क्षेत्र में जाकर अब ये युवा समाज के लिए कुछ अलग करना चाहते हैं। 
विज्ञापन

2 of 9
गंगानगर में हेमंत पांडेय को मिठाई खिलाते परिजन। संवाद - फोटो : अमर उजाला
पीसीएस-2018 की परीक्षा का शुक्रवार को रिजल्ट जारी किया गया। इसमें मेरठ के होनहारों ने एक नई इबारत लिखी है। युवाओं ने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर सफलता की नई कहानी लिखी।

हेमंत ने हासिल की 23वीं रैंक
गंगानगर निवासी हेमंत पांडेय ने 23वीं रैंक हासिल कर यह महारत हासिल की है। अब वह आबकारी निरीक्षक बन गए हैं। हेमंत ने ट्रांसलेम स्कूल से 12वीं करने के बाद बीआईटी कॉलेज से बीटेक किया। इसके बाद इग्नू से लोक प्रशासन में परास्नातक की। हेमंत के पिता राजीव पांडेय इलाहाबाद में हायर एजुकेशन ज्वॉइंट डायरेक्टर हैं। मां संजीव लता गृहणी हैं।
विज्ञापन

3 of 9
भूपेश सिंह - फोटो : अमर उजाला
एक्साइज इंस्पेक्टर बने भूपेश सिंह 
मोदीपुरम की एटूजेड कॉलोनी निवासी भूपेश कुमार सिंह 99वीं रैंक हासिल कर एक्साइज इंस्पेक्टर बनेंगे। भूपेश सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के रिटायर्ड प्रोफेसर मोहन लाल के बेटे है। बड़ा भाई पुस्तक कुमार सिंह दिल्ली में एक मेन्यूफेक्चरिंग कंपनी में असिस्टेंट प्रोडक्शन मैनेजर है। भूपेश कुमार सिंह दिल्ली में रहकर सिविल सर्विस की तैयारी कर रहा था। भूपेश ने बताया कि हाईस्कूल और इंटर की पढ़ाई सीबीएसई से की। उसने 2016 में बीटेक पास कर एक साल तक जॉब की थी। भूपेश का चयन होने पर उनके परिजनों के अलावा रिश्तेदार और दोस्त भी बधाई दे रहे हैं। भूपेश कुमार सिंह ने पिता मोहन लाल व मां मिथलेश कुमारी को चयन होने पर श्रेय दिया। 

4 of 9
हरेंद्र - फोटो : अमर उजाला
खाद्य सुरक्षा अधिकारी बने हरेंद्र
खरखौदा के गांव सेतकुआं निवासी किसान के पुत्र हरेंद्र चपराना खाद्य सुरक्षा अधिकारी बने हैं। हरेंद्र चपराना ने हॉस्टल में रहकर मेरठ के सनातन धर्म इंटर कॉलेज से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट (यूपी बोर्ड) की पढ़ाई पूरी की। कृषि विवि से बीटेक की पढ़ाई की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की शिक्षा ली। हरेंद्र ने बताया कि 2012 से दिल्ली में रहकर मुखर्जी नगर से यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने 2018 में पीसीएस की परीक्षा दी। पिता तेजवीर सिंह के साथ भाई कपिल चपराना गांव में रहकर पिता के साथ खेती करते हैं। दूसरे भाई सुंदर चपराना प्राइवेट कंपनी में सहायक प्रबंधक हैं। पूर्व काबीना मंत्री शाहिद मंजूर, सपा नेता ओमपाल सिंह व भाजपा नेता रोबिन ने बधाई दी है। 
विज्ञापन

5 of 9
माता-पिता के साथ इशिता मित्तल - फोटो : अमर उजाला
नौकरी छोड़कर की थी तैयारी
साकेत निवासी इशिता मित्तल असिस्टेंट कश्मिनर इंडस्ट्री बनी हैं। पिता नरेश चंद्र मित्तल यूपीपीसीएल में चीफ इंजीनियर रहे हैं। माता वंदना मित्तल गृहिणी हैं। इशिता इकलौती बेटी हैं। उन्होंने 12वीं गुरु तेगबहादुर स्कूल (सीबीएसई) से की। इसके बाद गाजियाबाद से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया। इंजीनियरिंग की डिग्री मिलने के बाद इशिता का चयन आईबीएम बंगलूरू में हो गया। जून 2017 में वह नौकरी छोड़कर घर आ गई। यहां पर पब्लिक मिनिस्ट्रेशन में घर से ही तैयारी की। 
विज्ञापन

6 of 9
संजू रानी - फोटो : अमर उजाला
आईएएस बनना चाहती हैं संजू रानी
कमर्शियल टैक्स अफसर के पद पर चयनित होने वालीं संजू रानी वर्मा आईएएस बनकर देश में फैली कुरीतियों को दूर करना चाहती हैं। शास्त्रीनगर के सिद्घार्थनगर में किराए पर रहने वाली संजू रानी वर्मा ने 10वीं से बीए तक की पढ़ाई आरजी कॉलेज (यूपी बोर्ड) से की। अब वह एमए सोशोलॉजी प्राइवेट कर रही हैं। सात भाई-बहनों में पांचवें नंबर की है। साल 2013 में पिता उमेश चंद्र शास्त्री का एक्सीडेंट हो गया, इसके बाद वे कोमा में आ गए। साल 2013 में मां का निधन होने के बाद भाइयों ने विवाद करना शुरू कर दिया। इसके बाद संजू ने प्राइवेट स्कूल में पढ़ाना शुरू किया। बड़ी बहन और छोटी बहन जो बोल नहीं सकती है, उनको लेकर किराए पर रहने लगीं। सिविल एकेडमी इंस्टीट्यूट में कोचिंग में पढ़ाते हुए खुद भी पढ़ाई की।
विज्ञापन

7 of 9
बड़े भाई के साथ क्षितिज (बाएं)। - फोटो : अमर उजाला
एसडीएम बनना है क्षितिज का लक्ष्य
रक्षापुरम मेरठ निवासी क्षितिज ने 12वीं मेरठ पब्लिक स्कूल (सीबीएसई) से की। बीटेक विद्या कॉलेज से किया। एरिक्सन, विप्रो जैसी कंपनियों में नौकरी की। सिविल सर्विसेज में शुरू से ही रूझान था। 2016 में नौकरी छोड़कर पीसीएस की तैयारी शुरू कर दी। मेरठ में इंटरव्यू के लिए सिविल एकेडमी की मदद ली। पिता डॉ. विरेंद्र सिंह प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रहे हैं। माता धर्मवती देवी गृहिणी हैं। आईएएस बनना लक्ष्य है। मेरा लक्ष्य एसडीएम बनना है, ऐसे में आगे तैयारी जारी रहेगी। क्षितिज अपनी सफलता का श्रेय बड़े भाई आईआरएसई-भारतीय रेलवे सर्विस इंजीनियर नार्दन रेलवे फिरोजपुर के वरिष्ठ अधिकारी हेमेंद्र कुमार को देते हैं। क्षितिज ने बीटेक के विषय लेने की बजाय सोशल वर्क को चुना और सफलता हासिल की।

8 of 9
अमित कुमार - फोटो : अमर उजाला
बीडीओ के पद पर रहते हुए पाई सफलता
सरूरपुर के खंड विकास अधिकारी अमित कुमार पुलिस उपाधीक्षक के पद पर चयनित हुए हैं। बीडीओ के पद पर रहते हुए उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी की। मूल रूप से फतेहपुर जिले के हथगाम गांव निवासी अमित कुमार बताते हैं कि प्राथमिक शिक्षा गांव में हुई। 13 वर्ष की आयु में पिता के निधन के बाद चाचा और मामा ने पढ़ाई में सहयोग किया। बीए-एमए की पढ़ाई इलाहाबाद विवि से की। नेट और जेआरएफ क्वालीफाई किया। फिलहाल वे बीडीओ के पद पर रहते हुए इलाहाबाद विवि से शोध भी कर रहे हैं। अमित अपनी सफलता का श्रेय माता, परिवार और गुरुजनों को देते हैं।
विज्ञापन

9 of 9
राजा चौधरी - फोटो : अमर उजाला
वहीं, ब्लाक रोहटा के गांव रसूलपुर जाहिद की ग्राम प्रधान अमरेश देवी के पुत्र राजा चौधरी ने यूपी पीसीएस की परीक्षा पास की है। राजा चौधरी ने आईआईटी रूड़की से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने अधिकारियों के दौरे से प्रभावित होकर अफसर बनने लक्ष्य तय किया था। जिसकी लगातार तैयारी करते हुए अपने मुकाम को हासिल किया। उनके पिता संजय चौधरी भी इंजीनियर रह चुके हैं। 

गांव रसूलपुर जाहिद निवासी राजा चौधरी ने पीसीएस परीक्षा पास करते हुए अपने गांव के साथ क्षेत्र व जिले का नाम रोशन किया है। वहीं कुलवंत सोलंकी व गणमान्य लोगों ने घर पहुंचकर परिजनों को सफलता पर बधाई दी है।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें