मेरठ में कोरोना कर्फ्यू हटने के बाद पहले दिन व्यापारियों ने दुकान खोलने से पूर्व ईश्वर को नमन किया। इस दौरान महामारी में बिछड़ गए व्यापारियों को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि दी गई। शहर की दुकानें सुबह 10 बजे से खुलना शुरू हो गई थी। वहीं दिन भर दुकानों पर ग्राहकों का आना-जाना लगा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिक, स्टेशनरी, बुक स्टॉल्स के साथ सर्विस सेंटर, स्पेयर पार्ट्स, ऑटोमोबाइल और शोरूम में अच्छी खासी भीड़ रही। वहीं भीड़ को देखकर अंदाजा लगाया कि अनलॉक के पहले दिन व्यापारियों का अच्छा कारोबार हुआ। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण रूप से पालन किया गया।
मेरठ जिले में 30 अप्रैल से लागू हुआ कोरोना कर्फ्यू में मंगलवार को खत्म हुआ। अब मेरठ के सभी बाजार सोमवार से शुक्रवार तक सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगे। इस दौरान कोविड-19 के प्रतिबंधों और नियमों का पूरी तरह पालन करना होगा। लापरवाही पाए जाने पर पुलिस और प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। अब जिले में सिर्फ शनिवार और रविवार को पाबंदियां रहेंगी जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया कि अब सोमवार को साप्ताहिक बंदी नहीं होगी। सप्ताह में पांच दिन बाजार खुलेंगे। वहीं आज धार्मिक स्थल और निजी कंपनियों के कार्यालय भी खुले।