सहारनपुर से गुरुवार को शुरू हुई किसान ट्रैक्टर रैली मुजफ्फरनगर होते हुए रात करीब दस बजे मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंची। किसानों में सरकार के खिलाफ गुस्सा है और उन्होंने जमकर नारेबाजी की। यही नहीं उन्होंने रात में टोल प्लाजा पर ट्रैक्टर से खूब स्टंट किए। इस दौरान मेरठ-दिल्ली हाईवे पर एक एंबुलेंस भी फंस गई। किसी तरह एंबुलेंस को वहां से निकाला गया।
तीन कृषि कानूनों के विरोध में सात माह से गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन को गति देने के लिए भारतीय किसान यूनियन की ओर से गुरुवार को सहारनपुर से ट्रैक्टर यात्रा शुरू हुई। सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ किसान यात्रा में शामिल होकर दिल्ली के लिए कूच कर गए। ट्रैक्टर यात्रा गुरुवार रात को मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंची, जहां से आज सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गई। वहीं ट्रैक्टर यात्रा को लेकर नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति रही।
किसान ने ट्रैक्टर से किया स्टंट, अफरा-तफरी
सिवाया टोल प्लाजा पर रात करीब 11 बजे एक किसान ने ट्रैक्टर से स्टंट करना शुरू कर दिया। 15 से 20 मिनट तक स्टंट करने के दौरान कई बार ट्रैक्टर पलटने से बचा। इससे जमीन पर सो रहे किसानों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने किसान को स्टंट करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।