लूट और चोरी के वाहनों के कटान के लिए बदनाम सोतीगंज के कबाड़ियों की अब तक 65 करोड़ की संपत्ति कुर्क हो चुकी है। अकेले हाजी गल्ला की ही 35 करोड़ की कोठियां-गोदाम एवं अन्य संपत्ति कुर्क की गई है। मेरठ में चोरी और लूट के वाहनों का कटान करने के आरोपी हाजी गल्ला के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। उसके वेस्टर्न रोड स्थित बंगला नंबर 235 पर बने अवैध गोदाम को एएसपी ने शुक्रवार को सील कर दिया।
चोरी व लूट के वाहन काटकर 20 साल में सोतीगंज के हाजी गल्ला ने अकूत संपत्ति अर्जित की। पंजाब में गल्ला की 100 करोड़ की संपत्ति चिह्नित की है, जिसके दस्तावेज भी पुलिस ने जुटा लिए हैं। पुलिस की एक टीम पंजाब रवाना हो गई है। गल्ला की 15 करोड़ की संपत्ति जब्त पहले ही हो चुकी है, अब कैंट वाला गोदाम भी जब्त होगा। बताया जाता है कि सोतीगंज में चोरी की गाड़ियां कटवाने का काम गल्ला ने ही शुरू कराया था। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर में उसने अपना नेटवर्क फैलाया। चोरी की गाड़ी के इंजनों की सप्लाई सबसे ज्यादा पंजाब में गल्ला करता था, जहां पर उसने यह संपत्ति अर्जित की। अब गल्ला पांच साल से पंजाब में ही काम कर रहा था।