मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 पैरालंपिक खिलाड़ियों को 32.50 करोड़ के चेक देंगे। इसके पहले गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी से गुरुवार सुबह पैरालंपिक खिलाड़ी मोदीपुरम कृषि विवि पहुंचेंगे। रास्ते में चौराहों पर बैंडबाजों और पुष्पवर्षा से इनका भव्य स्वागत होगा।
आयोजन स्थल पर 10 स्कूलों के छात्र-छात्राएं समारोह स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। सुबह साढ़े नौ बजे सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। स्वागत नृत्य, बेटी हिंदुस्तान विषय पर नृत्य, स्वच्छता पर नृत्य, जूडो-योगा, रामायण पाठ और देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति होगी। बालेराम ब्रजभूषण, केएल इंटरनेशनल, मल्लू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हापुड़ रोड, खालसा कन्या इंटर कॉलेज, एसडी कन्या इंटर कॉलेज, देव इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं प्रस्तुति देंगे। मुख्यमंत्री विवि के मुख्य गेट पर सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। मेरठ में बने खेल उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। स्टेज पर ही चार मिनट की ओलंपिक डॉक्यमेंट्री भी दिखाई जाएगी। यहां दो मंच बनाए गए हैं।