लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था और शादी को 13 साल बीत चुके थे। 10 साल पहले परिवार में एक बेटा जन्मा तो परिवार की खुशियां और बढ़ गई थी। लेकिन इस रिश्ते में पति के बेरोजगार होने का मलाल पत्नी को हमेशा रहता था, क्योंकि महिला सरकारी अध्यापिका थी और परिवार का खर्च भी उसी की सैलरी से चलता था। यही नहीं महिला का पति शराब का आदी भी था। वह बार-बार पत्नी से शराब के लिए रुपये मांगता था, जिस कारण घर में कलेश हो जाता था। आज भी शराब के रुपये को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी ने अपने पति को थप्पड़ मार दिया। वहीं गुस्साए पति ने पत्नी पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। आरोपी पति ने आखिरी सांस तक चाकू से महिला पर वार किए।
दिन निकलते ही पत्नी का मर्डर
मेरठ शहर में गुरुवार को दिन निकलते ही एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के शिवलोकपुरी में एक युवक ने अपनी पत्नी को चाकू से गोदकर मार डाला। इस दौरान पत्नी चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन पति को उस पर रहम नहीं आया। वहीं शोर सुनकर लोग आरोपी के घर पर पहुंचे, लेकिन अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। आरोपी पति ने आखिरी सांस तक महिला पर चाकू और हथौड़े से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों से कहा कि मैंने अपनी पत्नी को मार डाला और उसकी लाश बेडरूम में पड़ी है। यह सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।