मेरठ में कृषि विश्वविद्यालय के डीन प्रोफेसर राजबीर सिंह पर गोलियां बरसाने वाले भाड़े के शूटर एक काले बैग और सफेद स्कॉर्पियो की वजह से पकड़ में आ गए। पुलिस ने विश्वविद्यालय से डीन के डिफेंस एंक्लेव स्थित घर तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो पर पुलिस टीम की नजरें थम गईं।
11 मार्च की शाम डीन राजबीर सिंह पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं तो एसएसपी प्रभाकर चौधरी खुद घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पांच टीमें लगाकर इस हाई प्रोफाइल केस की निगरानी खुद शुरू कर दी। लगातार काम करने के बावजूद 18 मार्च की शाम तक पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। प्रापर्टी, लेनदेन, नियुक्तियों का विवाद, रंजिश जैसी सभी लाइनों पर जांच कर पुलिस थक चुकी थी। कहीं भी कोई सुराग नहीं लग रहा था।