मेरठ के जागृति विहार में एलएलबी के छात्र यश रस्तोगी की हत्या में चौथा आरोपी उवैस खान उर्फ सोनू निवासी अहमदनगर लिसाड़ीगेट को मंगलवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरेपी ने कई बड़े खुलासे किए हैं। मामले में मुख्य आरोपी शावेज, अलीशान व सलमान जेल जा चुके हैं। वहीं हिंदू संगठनों और भाजप कार्यकर्ताओं ने इस मामले में आरोपियों पर गैंगस्टर, रासुका लगाने की मांग की है। उधर मामले में हंगामा करने को लेकर पुलिस द्वारा 149 का नोटिस देने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। भाजपा के सांसद, विधायक व एमएलसी से पुलिस की शिकायत की है।
मेडिकल क्षेत्र के जागृति विहार निवासी किराना स्टोर के दुकानदार अनिल रस्तोगी का इकलौता बेटा यश रस्तोगी 26 जून को लापता हुआ था। शनिवार रात में यश की लाश लिसाड़ीगेट के पिलोखड़ी पुलिस चौकी के पास नाले से बरामद की गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन समलैंगिक आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।