मेरठ में हरीश प्लाइवुड के मालिकों के जगन्नाथपुरी स्थित करीब दस करोड़ की कीमत के घर को सात कारों में पहुंची आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार की सुबह ही कब्जे में ले लिया। अंदर जाते ही टीम ने परिजनों के मोबाइल फोन ले लिए। सबका बाहर आना-जाना बंद करा दिया। रात दस बजे तक करीब 15 घंटे घर और प्रतिष्ठान समेत पांच ठिकानों को खंगालने का काम चलता रहा।
हरीश प्लाइवुड इंडस्ट्री का संचालन तीन भाई मनीष, सुनीश निधिश और मनीष के बेटे करते हैं। सबसे छोटे भाई निधिश दिल्ली रोड स्थित शोरूम पर बैठते हैं। मंझले भाई सुनीश गगोल रोड स्थित लेमिनेट प्लांट का संचालन करते हैं। बड़े भाई मनीष संयुक्त रूप से शोरूम और प्लांट दोनों की व्यवस्था देखते हैं।